उदयपुर । राजस्थान उच्च एवं तकनीकी शिक्षा गुणवत्ता सुधार योजना के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एएमबी कंसल्टिंग द्वारा छह दिवसीय व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
कॉलेज के प्लेसमेंट हेड ललित रजक ने बताया कि 16 नवंबर से शुरू हुई यह कार्यशाला 21 नवंबर तक चलेगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज के प्राचार्य सी.एस. टाक ने कार्यशाला की स्वीकृति प्रदान कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक अत्यंत उल्लेखनीय कार्य किया है।
श्री रजक ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आज के रोज़गार बाज़ार के लिए तैयार करना है, ताकि डिप्लोमा पूरा होते ही वे आत्मविश्वास के साथ नौकरी और अप्रेंटिसशिप के अवसरों का सामना कर सकें।
कार्यशाला का संचालन एएमबी कंसल्टिंग की संस्थापक डॉ. अमृता बोकड़िया कर रही हैं, जिन्हें भारत और अमेरिका में 10 वर्ष से अधिक का कॉरपोरेट अनुभव है और वे अब तक 10 हजार से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दे चुकी हैं।उन्होंने आगे बताया कि कार्यशाला के सत्र पूरी तरह गतिविधि आधारित हैं, जिनमें विद्यार्थियों को आत्म-पहचान, बॉडी लैंग्वेज, प्रभावी संवाद, रिज़्यूमे निर्माण और नौकरी खोजने के सही तरीकों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विद्यार्थी स्किल मैप के ज़रिए अपनी ताकत और कमियों को पहचान रहे हैं, जोड़ी खेल के माध्यम से अपनी बात स्पष्ट रखने की च्त्म्च् तकनीक का अभ्यास कर रहे हैं, समूह चर्चा में भाग ले रहे हैं और दो अलग-अलग रिज़्यूमे की तुलना कर बेहतर रिज़्यूमे बनाना सीख रहे हैं।
कार्यशाला के अंतिम दिन मॉक इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों को वास्तविक इंटरव्यू जैसा अनुभव और व्यक्तिगत फ़ीडबैक मिलेगा।इस कार्यक्रम में डिप्लोमा विद्यार्थियों के तकनीकी हुनर को आत्मविश्वास और सही प्रस्तुति के साथ जोड़ने पर विशेष ज़ोर दिया जा रहा है, जिससे पहले कुछ दिनों में ही विद्यार्थियों में उत्साहजनक बदलाव देखने को मिल रहा है।
कार्यशाला के सफल आयोजन में संकाय सदस्य नीरज सेन का भी विशेष सहयोग रहा।
