मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

आयकर की बकाया मांगों के शीघ्र निस्तारण पर जोर, कर वसूली के प्रावधानों पर हुई चर्चा

उदयपुर में आयकर विभाग और टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्यों के बीच आयोजित हुआ आउटरीच सेमिनार

WAf𝕏TGin✉🖨
आयकर की बकाया मांगों के शीघ्र निस्तारण पर जोर, कर वसूली के प्रावधानों पर हुई चर्चा

उदयपुर। आयकर विभाग की ओर से उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बकाया कर मांगों एवं टैक्स रिकवरी के विषय पर एक आउटरीच सेमिनार का आयोजन आयकर कार्यालय, उदयपुर में किया गया।

अपर आयकर आयुक्त रेंज-2, उदयपुर भेरा राम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस सेमिनार में बकाया कर मांगों के निस्तारण और कर वसूली से जुड़े विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में आयकर उपायुक्त, सर्किल-2, उदयपुर अजय अग्रवाल, आयकर अधिकारी वार्ड-2(1), उदयपुर राजीव कुमार, उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए दीपक एरन तथा एसोसिएशन के अन्य सदस्यों ने भाग लिया।सेमिनार में अपर आयकर आयुक्त एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने आयकर अधिनियम के तहत बकाया कर मांगों की वसूली से संबंधित प्रावधानों और विभागीय दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।

साथ ही लंबित कर मांगों का शीघ्र निस्तारण करने तथा कर वसूली की प्रक्रिया में करदाताओं और कर पेशेवरों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।बैठक में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के दिशा-निर्देशों के तहत कर मांग के विरुद्ध अपील, बकाया मांग पर स्थगन तथा आंशिक भुगतान से संबंधित प्रावधानों पर भी चर्चा हुई।

इसके अतिरिक्त पुराने एवं लंबित कर बकायों के निस्तारण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विचार-विमर्श कर उनके समाधान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य करदाताओं एवं कर पेशेवरों को विभागीय प्रक्रियाओं और नियमों की जानकारी देकर बकाया कर मांगों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण को प्रोत्साहित करना रहा।