उदयपुर। लाइफ प्रोग्रेसिव सोसाइटी एवं सहार चेरिटेबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों, जरूरतमंद महिलाओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
संस्था की ओर से विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं से 12वीं तक विभिन्न संकायों की निःशुल्क कोचिंग के साथ महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।संस्था की सचिव फातिमा अगवानी ने बताया कि कोठियों की गुवाड़ी, ओसवाल भवन के पास, मुखर्जी चौक स्थित मुख्य कार्यालय तथा काजीवाड़ा, दरखानवाड़ी, मस्जिद के सामने स्थित शाखा कार्यालय पर ये सेवाएं संचालित होंगी।
सभी प्रशिक्षण एवं कोचिंग कक्षाएं दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगी।मुख्य कार्यालय पर कक्षा 8वीं से 10वीं तथा 11वीं-12वीं के कला एवं वाणिज्य वर्ग की निःशुल्क कोचिंग के साथ सिलाई, मेहंदी, बेसिक कंप्यूटर, क्राफ्ट सहित विभिन्न रोजगार प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
वहीं शाखा कार्यालय पर कक्षा 8वीं से 10वीं तथा 11वीं-12वीं विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान की निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।प्रत्येक केंद्र पर 30-30 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश में पहले आने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता मिलेगी।
विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन करने के लिए हर माह परीक्षा आयोजित की जाएगी।इसके साथ ही संस्था द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत प्रत्येक माह 10 जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री के किट भी वितरित किए जाएंगे।
संस्था का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ाना तथा कौशल प्रशिक्षण के जरिए जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाना है।
