कोटा। मिशन बाल मन तक - 26 के अंतर्गत बच्चों को साहित्य से जोड़ने के लिए संस्कृति, साहित्य, मीडिया फोरम के तत्वावधान में साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा की ओर से निशुल्क " राष्ट्रीय बाल कविता प्रतियोगिता आयोजित की गई है।
मंडल के प्रधानमंत्री श्यामप्रकाश देवपुरा ने बताया कि बच्चों के लिए यह प्रतियोगिता आगामी 6 जनवरी को स्व. भगवती प्रसाद देवपुरा स्मृति समारोह के संदर्भ में की जा रही है। इस कार्यक्रम में विजेता बच्चें सम्मानित होंगे और अपनी कविता की प्रस्तुति करेंगे।
देवपुरा ने बताया प्रतियोगिता आयोजन के लिए राज्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सेवा निवृत संयुक्त निदेशक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल को संयोजक और साहित्यकार डॉ. वैदेही गौतम को सह संयोजक बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश भर से बच्चे दो वर्गों कनिष्ठ वर्ग 10 वर्ष आयु तक एवं वरिष्ठ वर्ग 10 से ऊपर 18 वर्ष आयु तक भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता का विषय प्रकृति, पशु - पक्षी और समाज रखा गया है। इस पर बच्चे पेड़, फूल, जंगल, गाय, कुत्ता, बिल्ली,बंदर, हाथी, तितली, चिड़िया, मोर, माँ, भाई, बहन, खिलौने, मोबाइल,साइकिल किसी एक पर कविता लिख कर भेज सकते हैं। कविता भेजने की अंतिम तिथि 15 नवंबर है।
उन्होंने बताया कविता की सीमा न्यूनतम 8 पंक्ति और अधिकतम 12 पंक्ति रखी गई है। प्रतियोगी को कविता अपने हाथ से लिख कर उम्र के प्रमाण और मौलिक व हस्तलिखित होने के प्रमाण पत्र और एक फोटो के साथ भेजना अनिवार्य होगा।
इच्छुक बच्चें अपनी प्रविष्टि डॉ. प्रभात कुमार सिंघल द्वारा के. डी. अब्बासी रिपोर्टर ज़ेरिक्स, कलेक्टरी परिसर, नयापुरा, कोटा, राजस्थान के पते पर भेज सकते हैं।
प्रतियोगी को कविता के साथ अपना नाम, जन्मतिथि , उम्र , डाक का पूरा पता पिन कोड सहित और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा।