गोवा। दिग्गज अभिनेता और फिल्म निर्देशक नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें गोवा के डोना पाउला स्थित अपने आवास पर बेहोशी की हालत में पाया गया था। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें होश में नहीं लाया जा सका।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शेखर सालकर के अनुसार, नाना पाटेकर को गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। मेडिकल टीम ने करीब 45 मिनट तक लगातार सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्हें सुबह करीब 5:20 बजे मृत घोषित किया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में मेडिको-लीगल केस दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर अधिक जानकारी सामने आएगी।
नाना पाटेकर भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेताओं में शामिल थे। हिंदी और मराठी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए उन्हें व्यापक पहचान मिली। उन्हें अभिनय के लिए तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, कई फिल्मफेयर पुरस्कार और 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर है।
