उदयपुर, 2 अक्टूबर। राजस्थानभर के टेंट व्यवसायियों के लिए आज का दिन खेल, उत्साह और भाईचारे के नाम रहा।
राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के तत्वावधान में उदयपुर के ओपेरा गार्डन एंड बैंक्वेट में उदयपुर टेंट क्रिकेट लीग (यूटीसीएल)-4 का आज से भव्य आगाज हो गया।
तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं और कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे।प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले प्रदेशभर के टेंट व्यवसायियों की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें करीब 42 जिलों से 210 पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान और प्रदेशभर के व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई।समिति अध्यक्ष सुधीर चावत ने बताया कि संगठन प्रदेश के करीब 55 हजार टेंट व्यवसायियों को एकजुट कर उनकी समस्याओं को प्रभावी मंच देने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है।
वहीं, महामंत्री सुनील हिंगड़ ने बताया कि यूटीसीएल व्यवसायियों के बीच आपसी जुड़ाव और भाईचारे को मजबूत करने का अनूठा माध्यम बन चुका है।क्रिकेट लीग में सभी आठ टीमों के लिए विशेष जर्सियां तैयार की गई हैं।
प्रत्येक मुकाबला आठ ओवर का होगा। खास आकर्षण यह है कि हर मैच का पहला ओवर महिला सदस्य खेलेंगी, जबकि शेष सात ओवर पुरुष सदस्य खेलेंगे।
प्रत्येक मैच के बाद दो मिनट का रणनीतिक समय भी रखा गया है।शाम को मैदान पर आठों टीमों की भव्य परेड, पुणे से आए विशेष पुणेरी ढोल दल की प्रस्तुति और रंगारंग आतिशबाजी ने माहौल को उत्सव में बदल दिया।
आयोजन में करीब 800 से 900 सदस्यों के शामिल होने की संभावना है।तीसरे दिन दो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला होगा। इसके बाद जिला टेंट व्यवसायी समिति की कार्यकारिणी के बीच मैत्री मैच भी खेला जाएगा।
पूरी प्रतियोगिता क्रिकेट विशेषज्ञ डॉ. नितिन मेनारिया की देखरेख में आयोजित हो रही है। इस अवसर पर अनिल वैद,कंवलजीतसिंह ,असलम भाई, भूपेन्द्र जैन,रमेश माली,लव कुमार ओमेटा, अनीष चौधरी, सुनील पोरवाल,राजकमल शर्मा,का भी सहयोग रहा।
