उदयपुर। अम्बेडकर खेल संघ के तत्वावधान में गांधीनगर मल्लातलाई स्थित अम्बेडकर खेल मैदान में राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अम्बेडकर खेल संघ के खेल मंत्री एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विनोद कुमार राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस भारत के महान हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर भारत रत्न मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन संघर्ष उपलब्धियों और देश के खेल जगत में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी प्रतिभा अनुशासन और समर्पण से भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर गौरव दिलाया। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर वॉलीबॉल कोच राजाराम चौहान एवं लखन पवार का विशेष रूप से सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में भावेश चौहान एवं जेयेश फुमटिया सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं समस्त खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की जानकारी रविन्द्र राठौड़ ने दी।
