उदयपुर,गांधी जयंती के अवसर पर देवेंद्र धाम स्थित महावीर समवशरण में विशेष धर्मसभा एवं प्रवचन का आयोजन हुआ।
जैन संतों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और जीवन मूल्यों को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया।जैन संत डॉ. सुरेन्द्र मुनि ने कहा कि महात्मा गांधी ने भगवान महावीर के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात किया।
नमक सत्याग्रह, खादी, ग्रामोद्योग और स्वदेशी के माध्यम से उन्होंने देशवासियों में जागृति पैदा की।प्रवर्तक डॉ. राजेन्द्र मुनि ने कहा कि मानव जीवन परमात्मा का अनमोल उपहार है।
धन-संपत्ति और भौतिक साधनों से अधिक महत्वपूर्ण जीवन स्वयं है। इसलिए मनुष्य को व्यर्थ की चिंताओं में जीवन गंवाने के बजाय संतोष, उत्साह और आनंद के साथ जीवन जीना चाहिए।
प्रवचन से पूर्व भक्तामर स्तोत्र की 16वीं गाथा की साधना कराई गई। अंत में विभिन्न क्षेत्रों से आए गुरु भक्तों का अभिनंदन किया गया।