उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर में संचालित अखिल भारतीय समन्वित फल परियोजना के तत्वावधान में फलासिया पंचायत समिति के जालमपुरा गांव में जनजाति वर्ग के किसानों के लिए अमरूद की उन्नत खेती को प्रोत्साहित करने हेतु एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण एवं आदान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजाति वर्ग के 25 किसानों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को अमरूद की अधिक एवं गुणवत्तापूर्ण फल देने वाली उन्नत किस्मों की सघन बाड़ी स्थापित करने तथा आधुनिक उत्पादन तकनीकों के बारे में विषय विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। डॉ. के.के. यादव, डॉ. एस.एस. लखावत एवं श्री वीरेन्द्र सिंह ने किसानों को अमरूद की उन्नत खेती, पौध प्रबंधन, उर्वरक एवं कीट प्रबंधन सहित विभिन्न वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन समारोह में कृषि महाविद्यालय, भीलवाड़ा के अधिष्ठाता डॉ. के.के. यादव ने किसानों को वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर अमरूद की खेती करने तथा उत्पादन एवं गुणवत्ता बढ़ाकर अधिक आय अर्जित करने की सलाह दी। इस अवसर पर प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रत्येक किसान को अमरूद की उन्नत किस्म के 25 पौधे, उर्वरक, कीटनाशी दवा एवं स्प्रे मशीन का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक एवं परियोजना प्रभारी डॉ. एस.एस. लखावत ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी किसानों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
