श्रीगंगानगर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत श्रीगंगानगर जिला परिषद के 39 (जोन) सदस्य का निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया है।
इसके तहत 19 अक्टूबर 2026 को श्रीगंगानगर जिला परिषद सदस्य चुनाव की लोकसूचना जारी करने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया आरम्भ होगी। नामांकन प्रातः 11 बजे से सायं 3 बजे तक लिये जायेंगे।
नामांकन की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक (सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर) है। 24 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से संवीक्षा और 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा।
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि 26 अक्टूबर को नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरन्त बाद अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन करते हुए अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा।
पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत जिले के श्रीविजयनगर, सूरतगढ़, राजियासर क्षेत्र में आने वाले जिला परिषद (जोन) सदस्य के लिये मतदान 3 नवम्बर 2026 को प्रातः 7 बजे से लेकर सायं 6 बजे तक होगा।
उन्होंने बताया कि पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण के तहत जिले के श्रीगंगानगर उत्तर, श्रीगंगानगर दक्षिण, सादुलशहर, अनूपगढ़, घडसाना, रायसिंहनगर, पदमपुर, श्रीकरणपुर क्षेत्र में आने वाले जिला परिषद (जोन) सदस्य के लिये मतदान 14 नवम्बर 2026 को प्रातः 7 बजे से लेकर सायं 6 बजे तक होगा। मतदान ईवीएम से होगा। जिला परिषद सदस्य चुनाव की मतगणना 20 नवम्बर को प्रातः 8 बजे से आरम्भ होगी।