मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 20 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

मुद्रा प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब, पहले ही दिन सैकड़ों दर्शकों ने देखे दुर्लभ सिक्के और नोट

अशोका ग्रीन में लगी प्रदर्शनी में परिवारों, युवाओं और विद्यार्थियों की रही भारी भीड़, हर गैलरी पर जुटे दर्शक

WAf𝕏TGin🖨
मुद्रा प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब, पहले ही दिन सैकड़ों दर्शकों ने देखे दुर्लभ सिक्के और नोट

उदयपुर। शहर के अशोका ग्रीन में आयोजित मुद्रा प्रदर्शनी पहले ही दिन जबरदस्त जनआकर्षण का केंद्र बन गई।

सुबह से शाम तक प्रदर्शनी में लोगों का लगातार तांता लगा रहा और सैकड़ों दर्शकों ने दुर्लभ सिक्कों, पुराने नोटों, डाक टिकटों तथा एंटीक वस्तुओं का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी परिसर में हर गैलरी पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। कई स्थानों पर दर्शकों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।

आज प्रातः प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।आयोजक संदीप जैन ने बताया कि देशभर के कॉइन कलेक्टर्स और संग्रहकर्ताओं द्वारा प्रदर्शित अनमोल संग्रह ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रदर्शनी में एक और दो रुपये के पुराने नोट, विभिन्न रियासतों के सिक्के, मुगलकालीन एवं ब्रिटिशकालीन मुद्राएं, स्वतंत्रता पूर्व और स्वतंत्रता के बाद जारी दुर्लभ नोट तथा ऐतिहासिक डाक टिकट लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने रहें।सबसे अधिक उत्साह युवाओं और विद्यार्थियों में देखने को मिला।

वे संग्रहकर्ताओं से सिक्कों और नोटों के इतिहास, उनकी दुर्लभता और संग्रहण की जानकारी लेते नजर आए।

परिवारों ने भी बच्चों को भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का भ्रमण किया।प्रदर्शनी में लगभग 1500 से 2000 वर्ष पुराने सिक्कों के अलावा पुराने ग्रामोफोन, कैमरे, टाइपराइटर, ऐतिहासिक दस्तावेज, प्राचीन धार्मिक चित्र, डाक सामग्री और अनेक एंटीक वस्तुओं का दुर्लभ संग्रह भी प्रदर्शित किया गया है, जिसे देखने के लिए पूरे दिन दर्शकों की भीड़ लगी रही।आयोजकों ने बताया कि पहले ही दिन मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन ने उनकी उम्मीदों से अधिक उत्साह बढ़ाया है।

आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की ऐतिहासिक धरोहर, मुद्रा संग्रह और विरासत से जोड़ना है।

अशोका ग्रीन में चल रही यह प्रदर्शनी इन दिनों शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।