3-4 अक्टूबर को होगा भव्य ऑटो एक्सपो, 5 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद; कार-बाइक, विंटेज वाहन, गेमिंग और फूड जोन होंगे खास आकर्षणउदयपुर।
शहर में ऑटोमोबाइल प्रेमियों के साथ परिवारों और युवाओं के लिए रोमांच से भरपूर ‘रफ्तार 3.0’ का आगाज शनिवार से होने जा रहा है।
उदयपुर लेकसिटी राउंड टेबल 206 की ओर से पीआईएमएस मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सहयोग से 3 और 4 अक्टूबर को फील्ड क्लब में दो दिवसीय भव्य ऑटो एक्सपो आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार इस बार एक्सपो में 5 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।रफ्तार 3.0 में देश-विदेश के प्रमुख कार और दोपहिया वाहन ब्रांड एक ही मंच पर अपने वाहनों का प्रदर्शन करेंगे।
चार पहिया वाहनों में टोयोटा, बीएमडब्ल्यू, विनफास्ट, मारुति, फॉक्सवैगन, किया, एमजी और बीवाईडी सहित कई ब्रांड शामिल होंगे। वहीं हार्ले-डेविडसन, होंडा, हीरो, केटीएम, ट्रायम्फ और सुजुकी जैसे दोपहिया ब्रांड भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।
इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ हेरिटेज और विंटेज कारों की विशेष प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।त्योहारी सीजन को देखते हुए वाहन कंपनियों की ओर से विशेष ऑफर और सौदों की जानकारी भी आगंतुकों को मिलेगी।
वहीं युवाओं और बच्चों के लिए गेमिंग जोन, परिवारों के लिए फूड जोन तथा मनोरंजक गतिविधियां आयोजन को खास बनाएंगी।ऑटो एक्सपो के साथ शिक्षा के लिए भी जुटेगा फंडरफ्तार 3.0 की सबसे खास बात इसका सामाजिक उद्देश्य है।
आयोजन से जुटाई जाने वाली राशि का उपयोग अंबेरी में छह नई कक्षाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा।
यानी वाहनों की रफ्तार के साथ शिक्षा की राह भी मजबूत होगी।टेबल चेयरमैन मोहित सिंघवी ने बताया कि पिछले वर्ष रफ्तार 2.0 में 3 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी और 35 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई थी।
इस बार आयोजन को और व्यापक बनाया गया है। एरिया चेयरमैन अनीश चौधरी, फंडरेजिंग कन्वीनर्स असीम बोलिया व सनी मोदी तथा टेबल सेक्रेटरी दीपक जोधावत सहित पूरी टीम तैयारियों में जुटी है।