विश्वप्रसिद्ध सूक्ष्म पुस्तक निर्माण एवं विशिष्ट पुस्तक बाइंडिंग कला के लिए पहचान रखने वाले डॉ. चंद्रप्रकाश चित्तौड़ा ने उदयपुर प्रवास के दौरान सुप्रसिद्ध चित्रकार एवं पिचवाई कला के साधक डॉ. पुष्कर लोहार से उनके निवास पर आत्मीय मुलाकात की।
विशेष बात यह रही कि डॉ. चित्तौड़ा ने सोशल मीडिया के माध्यम से डॉ. पुष्कर लोहार का संपर्क प्राप्त किया और उनसे बातचीत के बाद स्वयं उनके निवास पर पहुंचकर मुलाकात की।
इस अवसर पर उन्होंने डॉ. पुष्कर लोहार द्वारा राष्ट्रपति भवन में बनाई गई विशाल मेवाड़ी चित्रकला सहित उनके पूर्व के कलात्मक कार्यों का अवलोकन किया। भारतीय पारंपरिक लघुचित्र कला, मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत और समकालीन चित्रकला के विभिन्न पहलुओं पर दोनों कलाकारों के बीच सार्थक चर्चा हुई।
डॉ. चित्तौड़ा ने अपने विशिष्ट पुस्तक निर्माण कार्यों के बारे में भी जानकारी साझा की। उन्होंने सुई की नोक के छेद से निकल सकने वाली अत्यंत सूक्ष्म पुस्तक का निर्माण कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। उनकी यह उपलब्धि सूक्ष्मता, धैर्य, तकनीकी दक्षता और कला के प्रति असाधारण समर्पण का परिचायक है।
डॉ. चित्तौड़ा ने डॉ. पुष्कर लोहार की कलात्मक साधना, विशेषकर राष्ट्रपति भवन में उनकी चित्रकला के प्रदर्शन और भारतीय पारंपरिक कला को नई पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न कला विधाओं में कार्यरत कलाकारों का आपसी संवाद और एक-दूसरे की कला को समझना भारतीय कला एवं संस्कृति की समृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह मुलाकात कला, सृजनशीलता और परस्पर सम्मान का एक आत्मीय उदाहरण रही।
