उदयपुर : केंद्र की मोदी सरकार द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध के चलते ईडी के माध्यम से यूपीए चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर मनमाने ढंग से चार्जशीट पेश करने के विरोध में उदयपुर देहात एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संयुक्त विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन सवीना, रेती स्टैंड स्थित आयकर विभाग कार्यालय के सामने आयोजित हुआ।
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संजीव राजपुरोहित ने बताया कि केंद्र सरकार राजनीतिक द्वेषवश अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में सोनिया गांधी, राहुल गांधी व अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ईडी द्वारा चार्जशीट पेश की गई है। यह कार्रवाई प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है, जिसका कांग्रेस कार्यकर्ता डटकर विरोध करेंगे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी जनता की लड़ाई लड़ने की कीमत चुका रहे हैं। भाजपा उन्हें झूठे मुकदमों में फंसा रही है। नेशनल हेराल्ड केस महज कानूनी मामला नहीं, बल्कि विचारधारा पर सीधा हमला है। आज सच बोलने वालों को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएगा।
उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया है। आज उनके खिलाफ झूठे केस बनाकर साजिश की जा रही है। यह लड़ाई व्यक्तिगत नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र और उसकी आत्मा की रक्षा की लड़ाई है। भाजपा जनता का ध्यान बेरोजगारी और महंगाई से भटकाने के लिए ऐसे हथकंडे अपना रही है, लेकिन सच्चाई सामने आकर रहेगी।
प्रदर्शन में कचरू लाल चौधरी, फतह सिंह राठौड़, पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत, त्रिलोक पूर्बिया, जगदीश राज श्रीमाली, हीरालाल दरांगी, सुरेश श्रीमाली, पंकज शर्मा, सुरेश सुथार, अरुण टांक, डॉ. संजीव राजपुरोहित, राम लाल गायरी, दलपत सिंह चुंडावत, मोहम्मद अय्यूब, जय प्रकाश निमावत, भानु गुर्जर, दरियाव सिंह चुंडावत, नजमा मेवाफरोश, सुधीर जोशी, राजेश जैन, दिनेश दवे, अर्जुन मेहता, महेंद्र डामोर सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।