उदयपुर | उदयपुर की ऐतिहासिक और शुद्ध जल की झील ‘बड़ी’ में मछली पकड़ने के लिए दिए गए ठेके के विरोध में आज राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा की अगुवाई में कांग्रेस मीडिया सेंटर, धानमंडी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य झील में संरक्षित महाशिर मछली के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को लेकर चिंता जाहिर करना था। शर्मा ने कहा कि “बड़ी झील सिर्फ पानी का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और पारिस्थितिकीय विरासत है। इसे मछली पकड़ने के लिए ठेके पर देना दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि मत्स्य विभाग द्वारा गुपचुप तरीके से यह टेंडर जारी किया गया है, जो पारदर्शिता की कमी को दर्शाता है। शर्मा ने कहा कि “चंद पैसों के लाभ के लिए पर्यावरण से समझौता नहीं किया जा सकता।” उन्होंने राजस्थान सरकार से इस फिशिंग ठेके को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर पारस जैन, अतुल सर्राफ, जमना गिरी, दिपेश कुमावत, नितेश सर्राफ, चत्रु, पृथ्वीराज गायरी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।