(prabhat singhal)
कोटा – "राजस्थान के साहित्य साधक" पुस्तक का लोकार्पण सोमवार को तालमंडी में समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय होली बाल कविता प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि साहित्यकार रामस्वरूप मूंदड़ा, अध्यक्ष एडवोकेट अख्तर खान अकेला, विशिष्ट अतिथि जितेंद्र निर्मोही, रामेश्वर शर्मा "रामू भैया" और डॉ. शशि जैन उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता कथाकार व समीक्षक विजय जोशी ने पुस्तक को शोधार्थियों व साहित्यकारों के लिए उपयोगी बताया। अध्यक्ष अख्तर खान ने भारतेंदु साहित्य समिति के पुनर्जीवन पर जोर दिया।
लेखक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल ने बताया कि पुस्तक में राजस्थान के 62 प्रमुख साहित्यकारों, जिनमें 11 प्रवासी साहित्यकार भी शामिल हैं, का परिचय दिया गया है।
राष्ट्रीय होली बाल कविता प्रतियोगिता में 8 राज्यों के 89 प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता गांधीनगर (गुजरात) की समरस संस्थान साहित्य सृजन भारत एवं कोटा की संस्कृति, साहित्य, मीडिया फोरम के तत्वावधान में आयोजित हुई। इसमें आर्यन लेखिका मंच, केसर काव्य मंच व रंगीतिका संस्थाओं का सहयोग रहा।
प्रतियोगिता के विजेताओं में कोटा की डॉ. अपर्णा पाण्डेय, अर्चना शर्मा, श्यामा शर्मा, पल्लवी दरक, बूंदी की सुमनलता शर्मा, भीलवाड़ा की शिखा अग्रवाल, कोटा के डॉ. रघुराज सिंह कर्मयोगी, विष्णु शर्मा हरिहर, राजेंद्र कुमार जैन, झालावाड़ के सुरेश कुमार नैयर, अदिति शर्मा एवं पल्लवन उच्च प्राथमिक स्कूल झालावाड़ की कक्षा 4 की मीस्टी माल्या, याना शर्मा, नमामि शर्मा को प्रशस्ति पत्र व साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
डॉ. स्नेहलता शर्मा, डॉ. कृष्णा कुमारी व डॉ. रघुराज सिंह ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा से हुआ, इसके बाद साहित्यकारों ने एक-दूसरे को गुलाल तिलक कर होली की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. वैदेही गौतम व डॉ. अपर्णा पाण्डेय ने आयोजन में सहयोग किया। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकारों की उपस्थिति रही।