Gopendra Nath Bhatt
नई दिल्ली।राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों की तैयारियां अपने अंतिम चरण में है। भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले भी नए विक्रम संवत चैत्र माह के शुरू होने के बाद यह कार्य कभी भी हो सकता हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली में गुरुवार को देर रात तक केन्द्रीय नेताओं से मुलाकात की। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अपने संभावित मंत्रीपरिषद विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों से केन्द्रीय नेताओं से चर्चा की और उनका मार्गदर्शन लिया। मुख्यमंत्री शर्मा ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा से भेंट कर उनसे प्रदेश सम्बन्धी विषयों पर चर्चा की।
नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीता रमन, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान,केंद्रीय युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया,केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी आदि से भेंट की।
मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा केन्द्रीय मंत्रियों को राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं, जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं सुशासन की पहलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई एवं आगामी योजनाओं पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय सहायता से जुड़े मुद्दों,राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र के समग्र विकास हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने
राज्य सरकार द्वारा राजस्थान में किए जा रहे विकास कार्यों, अवसंरचना परियोजनाओं एवं राज्य की परिवहन व्यवस्था के विषय में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण, सड़क सुरक्षा उपायों तथा परिवहन क्षेत्र में नवाचार संबंधी विषयों पर गहन चर्चा की।
साथ ही राजस्थान में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में युवा कल्याण, खेल विकास एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में किए जा रहे विशेष प्रयासों से अवगत कराया। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश में कौशल विकास योजनाओं की प्रगति तथा भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी सार्थक चर्चा की ।
मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा जल संरक्षण, जल प्रबंधन एवं सिंचाई परियोजनाओं के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों से अवगत कराया। साथ ही राज्य में जल संसाधनों के समुचित उपयोग हेतु विकसित की जा रही नवीन रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री भजनलाल ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (पीकेसी ईआरसीपी ) के साथ ही राज्य के शेखावाटी अंचल में यमुना जल पहुंचाने की परियोजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बालोतरा तेल रिफाइनरी के शीघ्र शुभारंभ पर भी केंद्रीय मंत्री से चर्चा की ।
मुख्यमंत्री का एक दिवसीय दिल्ली दौरा राजनीतिक और सरकारी कार्यों का मिलाकुला व्यस्त दौरा रहा लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का यह दौरा राज्य के उनके मंत्रिपरिषद के विस्तार और पुनर्गठन तथा राजनीतिक नियुक्तियों के इंतजार में बैठे राजनीतिक नेताओं के लिए उम्मीद भरा साबित होगा। विश्वास किया जा रहा है कि राजस्थान मंत्रिपरिषद के संभावित विस्तार एवं राजनीतिक नियुक्तियों में इस बार वसुंधरा राजे समर्थक विधायकों को मौका मिल सकता है। इसके अलावा विधानसभा चुनाव हारे बड़े जेटसन राजेन्द्र राठौड़ और डॉ सतीश पूनिया आदि नेताओं को भी किसी निगम बोर्ड अथवा अन्य महत्वपूर्ण पद मिल सकता है।