(mohsina bano)
उदयपुर। श्री एकलिंगनाथ राष्ट्रीय संगठन द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह अब 17 मई को होगा। पहले यह आयोजन अक्षय तृतीया पर प्रस्तावित था, लेकिन इसे और भव्य बनाने तथा अधिक जोड़ों को शामिल करने के उद्देश्य से नई तिथि तय की गई है।
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष आकाश बागड़ी ने बताया कि यह उदयपुर संभाग में सर्वसमाज का पहला सामूहिक विवाह समारोह होगा। अब तक 11 जोड़े पंजीकृत हो चुके हैं, और इस संख्या को बढ़ाने की योजना है। आयोजन को बड़े स्तर पर संपन्न कराने के लिए तैयारियां जारी हैं।
राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. विनोद पांडे ने बताया कि इस समारोह में वे जोड़े शामिल होंगे जो आर्थिक कारणों से विवाह नहीं कर पा रहे हैं। संगठन पात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए सामाजिक स्तर पर जानकारी जुटा रहा है।
राष्ट्रीय संरक्षक निर्मल कुमार पंडित ने बताया कि यह विवाह पूरी तरह से आडंबर व दहेज मुक्त होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दहेज प्रथा का उन्मूलन करना है, इसलिए इसमें न दहेज लिया जाएगा और न ही दिया जाएगा।