(mohsina bano)
जयपुर। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की संरक्षक मंडल व स्थायी समिति की संयुक्त बैठक जयपुर के पेट्रोलियम हाउस में मुख्य संरक्षक व प्रशासनिक अध्यक्ष सियाराम शर्मा के सानिध्य एवं प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
संगठन के महामंत्री नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ अध्यापक से व्याख्याता, उप प्राचार्य से प्राचार्य तथा प्राचार्य से जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर दिव्यांगों की पदोन्नति के लिए डीपीसी आयोजित करने पर शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही, पिछले सत्रों की रिव्यू डीपीसी एवं बकाया सत्रों की शीघ्र नियमित डीपीसी करने की मांग की गई।
पदाधिकारियों ने सरकार द्वारा स्थाई शिक्षक स्थानांतरण नीति जारी नहीं करने पर रोष व्यक्त किया। साथ ही, स्नातक अध्यापकों की पदोन्नति, नव क्रमोन्नत उच्च माध्यमिक विद्यालयों में व्याख्याताओं की वित्तीय स्वीकृति, एसएनए बजट आवंटन, पीओ प्रधानाचार्य को हार्ड ड्यूटी भत्ता, दिव्यांग शिक्षकों को 3600 रु. वाहन भत्ता तथा शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने जैसी प्रमुख मांगें रखी गईं।
संघर्ष समिति के संयोजक व मुख्य महामंत्री उम्मेद सिंह डूडी ने बताया कि सरकार की उदासीनता के कारण संगठन द्वारा आगामी दिनों में विधानसभा पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें राज्यभर के दस हजार से अधिक शिक्षक भाग लेंगे।
प्रदेश प्रवक्ता मुकेश कुमार मीणा ने बताया कि बैठक में शिक्षकों की विभिन्न मांगों व संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य संरक्षक सियाराम शर्मा ने संगठन की मजबूती के लिए अधिक प्रवास करने की अपील की।
बैठक में संरक्षक बनवारी लाल सैनी, सुरेश चन्द्र शर्मा, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, रणवीर सिंह गोदारा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल मीणा, मुख्य महामंत्री उम्मेद सिंह डूडी, उपाध्यक्ष मोहित त्रिवेदी, नरेंद्र सिंह चौहान, पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष बनवारी लाल गौतम, महिला अध्यक्ष मीना मंसुरिया, सह संगठन महामंत्री प्रेमशंकर जोशी, चरण सिंह, मानशंकर पाटीदार, समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।