बड़ा रामद्वारा के संत श्री रामप्रकाश महाराज ने किया पौधारोपण अभियान का शुभारंभ
बांसवाड़ा, भारतीय नव वर्ष गायत्री मण्डल बांसवाड़ा द्वारा वनेश्वर महादेव मन्दिर के पास संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम में रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया।
नव वर्ष अभिनन्दन समारोह गायत्री मण्डल एवं नटवरानन्दी वेलफेयर फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। बड़ा रामद्वारा के संत, प्रमुख आध्यात्मिक चिन्तक श्री रामप्रकाशजी रामस्नेही महाराज के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह की अध्यक्षता गायत्री मण्डल के मुख्य संरक्षक, पूर्व आयुक्त श्री दिलीप गुप्ता ने की जबकि फाउण्डेशन के संरक्षक श्री राजेन्द्रप्रसाद द्विवेदी विशिष्ट अतिथि थे।
सभी उपस्थितजनों ने मारुति अनुष्ठान के अन्तर्गत हनुमानजी की पूजा-अर्चना के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया और एक-दूसरे को नव वर्ष की बधाई दी।
समारोह में नटवरानन्दी वेलफेयर फाउण्डेशन की ओर से अध्यक्ष महेंद्र त्रिवेदी, सचिव रजनीश गुप्ता, प्रिंस पटेल, डॉ. प्रियंका कटारा तथा गायत्री मण्डल के उपाध्यक्ष मनोहर जी. जोशी, सचिव विनोद शुक्ला, एड्वोकेट यशपाल गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत एवं उपरणा पहनाकर अभिनन्दन किया। समारोह का संचालन गायत्री मण्डल के कार्यकारिणी सदस्य अनन्त जोशी ने किया।
भारतीय संस्कृति का अनुपालन सर्वोपरि फर्ज
अपने उद्बोधन में संत श्री रामप्रकाश जी रामस्नेही महाराज ने भारतीय नव वर्ष से संदर्भित तथ्यों और महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और इसकी सनातन परम्पराओं के प्रति अगाध आस्था और दृढ़ विश्वास ही सर्वोपरि है। इस दिशा में अब महाजागरण हो रहा है जो कि देश और दुनिया के लिए शुभ संकेत है।
पहले पौधों की पूजा-अर्चना, फिर पौधारोपण से अभियान का शुभारंभ
इससे पूर्व बड़ा रामद्वारा के संत, प्रमुख आध्यात्मिक चिन्तक श्री रामप्रकाशजी महाराज ने वैदिक मंगल ऋचाओं एवं प्रकृतिपूजन मंत्रों की गूंज के बीच पौधों का पूजन करने के उपरान्त पौधा लगाकर नटवरानन्दी वेलफेयर फाउण्डेशन के ‘हरियाली से खुशहाली-एक पौधा अवश्य लगाएं’ अभियान का शुभारंभ किया।
सभी संभागियों ने भी पुष्पों से पौधों की पूजा की ओर श्री पीताम्बरा आश्रम में वैदिक, पौराणिक एवं औषधीय महत्त्व वाले दिव्य व दैवीय प्रजातियों के विभिन्न पौधे लगाए और इनके सुरक्षित पल्लवन एवं संरक्षित विकास का संकल्प ग्रहण किया।
पर्यावरण चेतना में समर्पित भागीदारी का संकल्प व्यक्त
इस अवसर पर नटवरानन्दी वेलफेयर फाउण्डेशन के प्रतिनिधियों सज्जन सिंह राठौड़, अशोक शाह, ऋषि मेहता, अनित शर्मा, श्रीमती चंदा सीता डामोर, गणेश सिसोदिया, दीपक राठौड़, निशांत सेवक, देशपाल सिंह, सतपाल सिंह, डॉ. नरेन मईडा, हिमानी जोशी, गोविंद अग्रवाल, नयना जैन, चंदनबाला परिहार, चंद्रिका राव, नीलेश उपाध्याय आदि ने पुष्पार्चन कर पौधों की पूजा की और पर्यावरण संरक्षण-संवर्धन तथा लोक चेतना प्रसार में समर्पित भागीदारी निभाने और साल भर पौधे लगाने के अभियान में सहभागिता का संकल्प ग्रहण किया।
अभियान के जरिये पौधारोपण के लिए लोकजागृति संचार
इस अभियान के अन्तर्गत पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से हर माह एक पौधा लगाने का संदेश देते हुए व्यापक जागरुकता संचार करते हुए इस वर्ष हर माह कम से कम एक पौधा लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाकर वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।