उदयपुर । पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के तत्वावधान में जिले के बेस्ट इको क्लब के स्काउट, गाइड रोवर रेंजर प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने और विद्यार्थियों को प्रकृति के महत्व से रूबरू कराने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया।
आयोजित शिविर में 65 संभागी भाग ले रहे हैं। शिविर में विद्यार्थी विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के सदुपयोग और स्वस्थ जीवनशैली का महत्व सीख रहे हैं।सी ओ स्काउट सुनील कुमार सोनी ने बताया कि शिविर के दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल एवं वायु प्रदूषण की रोकथाम और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
वहीं, अनुपयोगी सामग्री से उपयोगी वस्तुओं के निर्माण की गतिविधि में प्रतिभागियों ने बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं से आकर्षक एवं उपयोगी सामग्री तैयार कर ‘कचरे से कंचन’ की अवधारणा को साकार किया।
इस गतिविधि के माध्यम से पुनः उपयोग और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।अंजना शर्मा ने बताया कि शिविर में स्वस्थ जीवनशैली एवं ऊर्जा संरक्षण विषयों पर भी जानकारी प्रदान की गई।
प्रतिभागियों को संतुलित दिनचर्या, पौष्टिक आहार, योग एवं नियमित व्यायाम के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही बिजली और ईंधन की बचत, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर गाइडर मलकीत कौर , सरिता राणावत, कुलदीप वैष्णव, तुलसीराम, शान्तिलाल, मोहित उपस्थित रहे।
