उदयपुर। नगरीय निकाय चुनाव - 2026 के तहत निकायों के अध्यक्षीय पद के लिए नामांकन का बुधवार को अंतिम दिन रहा।
जिले की कुल 6 नगर निकायों में अध्यक्ष पद के लिए कुल 21 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
इसमें भीण्डर में सर्वाधिक 6 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे।जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि उदयपुर नगर निगम के लिए भाजपा की ओर से पारस सिंघवी एवं कांग्रेस से डॉ पूनम कुंवर ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसी प्रकार नगरपालिका मावली में कांग्रेस से पुष्पा कुमारी, भाजपा से राकेश कुमार मीणा, नगरपालिका भीण्डर में भाजपा से सुरेशकुमार जैन, मीना एवं गणेशलाल, कांग्रेस से सुंदरलाल व गोपाल तथा निर्दलीय चमनलाल ने नामांकन पत्र जमा कराया है।
नगरपालिका वल्लभनगर में कांग्रेस से रामी व सोवनी, भाजपा से लीला भील एवं भोलीबाई भील, फतहनगर-सनवाड़ में कांग्रेस से सोसर, भाजपा से प्रियंका, सीमा व रमादेवी, निर्दलीय ममता तथा नगरपालिका कानोड़ में कांग्रेस से रोनक स्वर्णकार व भाजपा से शिवकुमारी सोनी ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए।श्री अग्रवाल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 17 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी।
नाम वापसी की अंतिम तिथि 18 सितम्बर को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। इसके पश्चात चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
मतदान 21 सितम्बर को सुबह 10 से 2 बजे तक होगा तथा इसके तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी। उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 22 सितम्बर को होगी।