उदयपुर | “60 बसंत ग्रुप”, उदयपुर की सितंबर एवं अक्टूबर माह की संयुक्त मासिक बैठक आज विज्ञान समिति, अशोक नगर, उदयपुर में उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। बैठक में ग्रुप के वरिष्ठ नागरिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपसी मेल-मिलाप के साथ आनंदमय समय बिताया।
मीडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि सितंबर एवं अक्टूबर माह में जन्मदिन तथा विवाह की सालगिरह मनाने वाले सदस्यों का उपर्ण एवं माला पहना कर बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे के सुखी, स्वस्थ एवं आनंदमय जीवन की कामना की।
बैठक में सामूहिक नाश्ते एवं दोपहर के भोजन की व्यवस्था रही। इसके साथ ही मनोरंजन के लिए हाउज़ी का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लगभग आधे घंटे का प्राकृतिक जीवनशैली एवं प्राकृतिक चिकित्सा पर आधारित जागरूकता सत्र रहा।
पूर्व मुख्य वन संरक्षक निहालचंद जैन ने वन एवं प्रकृति के संपर्क में रहने के लाभों, स्वस्थ जीवनशैली तथा प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि प्रकृति के निकट रहना, शुद्ध हवा में समय बिताना, नियमित दिनचर्या अपनाना और स्वस्थ आदतें शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सहायक होती हैं।
इस सत्र में प्राकृतिक चिकित्सा की पद्धतियों के बारे में भी उपयोगी जानकारी दी गई।
अध्यक्ष इंजीनियर एम के मेहता ने कहा कि आज के कार्यक्रम में उत्साह, अपनापन, मनोरंजन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला। सचिव एम पी जैन के अनुसार परिषद की मासिक बैठकें एवं वन भ्रमण वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक रूप से सक्रिय रखने, आपसी संबंधों को मजबूत बनाने तथा सकारात्मक एवं स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
