जोधपुर। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर सारथी ट्रस्ट की मैनेजिंग ट्रस्टी, पुनर्वास मनोवैज्ञानिक एवं चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट डॉ. कृति भारती की बाल विवाह के खिलाफ साहसिक मुहिम ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
विश्व में सर्वाधिक 55 बाल विवाह निरस्त करवाने और 3 हजार से अधिक बाल विवाह रुकवाने के लिए डॉ. कृति भारती और सारथी ट्रस्ट का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया में दर्ज किया गया है।
इसके साथ ही बाल विवाह निरस्तीकरण एवं रोकथाम के क्षेत्र में डॉ. कृति के नाम अब तक 11 वर्ल्ड और नेशनल रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं।
संभवतः यह विश्व में पहला अवसर है, जब किसी एक्टिविस्ट और सामाजिक संस्था ने बाल विवाह उन्मूलन के प्रयासों में संयुक्त रूप से इतने रिकॉर्ड कायम किए हैं।
बीबीसी की 100 प्रेरणादायी महिलाओं और वर्ल्ड टॉप टेन एक्टिविस्ट की सूची में शामिल डॉ. कृति भारती ने वर्ष 2012 में देश का पहला बाल विवाह निरस्त करवाकर नया इतिहास रचा था।
इसके बाद उन्होंने राजस्थान के विभिन्न न्यायालयों में स्वयं पैरवी करते हुए अब तक लगातार 55 बाल विवाह निरस्त करवाए हैं। व्यक्तिगत और संस्थागत प्रयासों के माध्यम से बाल विवाह निरस्त करवाने का यह आंकड़ा विश्व में सर्वाधिक है।
इसके अतिरिक्त डॉ. कृति ने देशभर में 3 हजार से अधिक बाल विवाह रुकवाएं हैं। वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया ने 55 बाल विवाह निरस्त करवाने और 3 हजार से अधिक बाल विवाह रुकवाने की उपलब्धि को रिकॉर्ड बुक में शामिल किया है।
*11 रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है डॉ. कृति का नाम* हौसलों की उड़नपरी' और 'रियल शेरनी ऑफ इंडिया' के नाम से मशहूर डॉ. कृति भारती का नाम अब तक कुल 11 वर्ल्ड और नेशनल रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है।
देश का पहला बाल विवाह निरस्त करवाने की ऐतिहासिक उपलब्धि को वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स सहित प्रतिष्ठित रिकॉर्ड बुक्स में स्थान मिल चुका है।
अब तक 55 जोड़ों के बाल विवाह निरस्त करवा चुकीं डॉ. कृति ने महज तीन दिन की न्यायिक प्रक्रिया में दो जोड़ों के बाल विवाह निरस्त करवाने का भी रिकॉर्ड कायम किया था।
इस उपलब्धि को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया, यूनिक वर्ल्ड रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए डॉ. कृति भारती को राजस्थान के पूर्व मुख्य न्यायाधीश द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
डॉ.कृति की मुहिम सीबीएसई के पाठ्यक्रम में भी शामिल हो चुकी है। उनको कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
*कुप्रथा के खिलाफ बाल विवाह निरस्त की सुप्रथा कायम* वहीं डॉ.कृति ने अबूझ सावे के रूप में मान्यता प्राप्त आखातीज पर बाल विवाह करवाने की सदियों पुरानी कुप्रथा के खिलाफ भी अनूठी पहल की है।
उन्होंने आखातीज पर बाल विवाह करवाने की परंपरा को चुनौती देते हुए बाल विवाह निरस्त करवाने की सुप्रथा कायम की है। डॉ. कृति ने लगातार 10 साल तक आखातीज के अवसर पर भी बाल विवाह निरस्त करवाने में सफल रही हैं।
तीन वर्षों तक दो जिलों में बाल विवाह निरस्त करवाकर ऐतिहासिक हैट्रिक भी बनाई थी। इस अनूठी सामाजिक पहल और आखातीज पर बाल विवाह निरस्तीकरण की सुप्रथा को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने भी डॉ. कृति भारती और सारथी ट्रस्ट के नाम रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया था।
