उदयपुर। अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं सत्य, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर मुस्कान क्लब में दोनों महान विभूतियों को सादर नमन किया गया। इस अवसर पर क्लब के 22 सदस्यीय दल को, जो श्री सूरज मल पोरवाल के नेतृत्व में नौ दिवसीय वियतनाम यात्रा पर प्रस्थान कर रहा है, पारंपरिक अभिनंदन एवं मंगलकामनाओं के साथ विदाई दी गई।
इस अवसर पर कार्यकारिणी के सदस्य के. के. त्रिपाठी, एम. पी. माथुर, अजीत सिंह खींची, विजय शर्मा, आर. पी. सनाढ्य एवं अशोक चौबीसा ने यात्रा दल के सदस्यों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। सभी ने यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं आनंदमय यात्रा के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल भ्रमण की मंगलकामना की।
मीडिया प्रभारी प्रोफ़ेसर विमल शर्मा ने बताया कि मुस्कान क्लब की यह यात्रा सदस्यों के लिए वियतनाम की ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक परंपराओं एवं जीवनशैली को निकट से जानने का अवसर बनेगी। साथ ही, यह सामूहिक यात्रा वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में उत्साह, उमंग, परस्पर सहयोग और सौहार्द को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक सार्थक पहल है।
मुस्कान क्लब परिवार ने सभी 22 यात्रियों के सुखद एवं यादगार प्रवास की कामना करते हुए उन्हें शुभ यात्रा की मंगलकामनाओं के साथ विदा किया।
