विज्ञान समिति में संचालित नवाचार एवं वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ की ओर से सोमवार शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘झंकार-16’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सखियों ने एक से बढ़कर एक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नवाचार एवं वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य से हुआ। प्रकोष्ठ की चेयरपर्सन श्रीमती पुष्पा कोठारी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि ‘झंकार-16’ का आयोजन अनेकता में एकता और जीवन के विभिन्न रसों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी आत्मीयता और उत्साह को बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अखिलेश जोशी ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन जीवन में उल्लास और उत्साह भरते हैं। उल्लास और उमंग के लिए उम्र कभी बाधा नहीं होती। उन्होंने प्रकोष्ठ द्वारा किए जा रहे रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर बताया गया कि नवाचार महिला प्रकोष्ठ पिछले 16 वर्षों से विज्ञान समिति में सक्रिय रूप से संचालित है तथा इसमें लगभग 190 सदस्य हैं। महिलाओं के व्यक्तित्व विकास के लिए प्रत्येक माह की 10 तारीख को विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है, जिनमें कुकिंग टिप्स, ब्यूटी पार्लर कोर्स, स्ट्रेस हीलिंग पर व्याख्यान, पिकनिक सहित अनेक गतिविधियां शामिल हैं।
इसी प्रकार वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ में भी लगभग 190 सदस्य सक्रिय हैं। प्रकोष्ठ द्वारा विभिन्न पर्व एवं त्योहार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मनाए जाते हैं।
सदस्यों के लिए धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों के भ्रमण का भी आयोजन किया जाता है। स्वास्थ्य जागरूकता के लिए योगासन तथा मानसिक स्वास्थ्य के लिए विभिन्न विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं।
दोनों प्रकोष्ठ महिलाओं की आवश्यकताओं एवं रुचियों को प्राथमिकता देते हुए विविध गतिविधियों का आयोजन करते हैं।
मीडिया प्रभारी प्रो. विमल शर्मा ने बताया कि इस वर्ष के सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘झंकार-16’ की थीम ‘अनेकता में एकता’ के भाव को केंद्र में रखते हुए विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों की लोक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया गया।
कार्यक्रम में चंद्रकांता मेहता एवं फ्यूजन ग्रुप द्वारा फ्यूजन डांस, भांगड़ा ग्रुप द्वारा भांगड़ा, गुजराती गरबा ग्रुप द्वारा गरबा, अनु नवेदिया ग्रुप द्वारा महाराष्ट्रीयन लावणी, आशा मेहता एवं पुष्पा लोढ़ा द्वारा मेवाड़ी कॉमेडी, हरियाणवी ग्रुप द्वारा हरियाणवी नृत्य तथा संगीता भाणावत ग्रुप द्वारा राजस्थानी नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं।
इसके अलावा कश्मीरी लोक नृत्य, मंजुला शर्मा एवं ग्रुप द्वारा बंगाली नृत्य, एक अन्य राजस्थानी प्रस्तुति, आभा झंवर ग्रुप द्वारा कव्वाली तथा रेणु भंडारी ग्रुप द्वारा फिल्मी फ्यूजन प्रस्तुत किया गया।
मंजू पानेरी एवं ग्रुप ने दक्षिण भारतीय नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के कोरियोग्राफर प्रांशु एवं नक्ष रहे।
वहीं अभय अग्रवाल ने बांसुरी पर भजन एवं फिल्मी गीतों की मधुर प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रकार विभिन्न प्रांतों की कला और संस्कृति को एक मंच पर प्रस्तुत कर ‘अनेकता में एकता’ का सुंदर संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को विज्ञान समिति के कुल प्रमुख श्री के. एल. कोठारी एवं अध्यक्ष डॉ. के. एल. तोतावत ने आशीर्वचन एवं शुभकामनाओं से संबोधित किया।इस अवसर पर विशेष आमंत्रित अतिथियों के रूप में श्रीमती निधि गोधा, श्रीमती श्रद्धा मुर्डिया, श्रीमती रेखा जैन, श्रीमती सुधा जी एवं प्रो. विमल शर्मा उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के अंत में ग्रुप की अध्यक्ष श्रीमती संगीता भाणावत एवं श्रीमती कंचन सोनी ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। रंगारंग प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ ‘झंकार-16’ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
